Tuesday, October 20th, 2026

उत्तर 24 परगना में BJP कार्यकर्ता की मां के उपर हमला, TMC कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप

कोलकाता
पश्चिम बंगाल की राजनीति में खूनी संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं की बीच हिंसक झड़प, मारपीट और हत्या के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला उत्तर 24 परगना से सामने आया है, जहां कथित रूप से शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार के घर पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस हमले में गोपाल मजूमदार की मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
 
जानकारी के मुताबिक, इस घटना में FIR दर्ज कर ली गई है। गोपाल मजूमदार की मां ने बताया है कि टीएमसी के कार्यकर्ता उनके घर में दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए थे और उनपर हमला कर दिया। ये घटना उत्तरी दमदम इलाके में वॉर्ड 7 की है। गोपाल मजूमदार की 85 वर्षीय मां ने मीडिया को बताया है, " हमलावरों ने बंदूक की बट से मेरे सिर और गर्दन पर प्रहार किया और मुझे मुक्का मारा। उन्होंने मेरे चेहरे पर भी हमला किया। मेरा पूरा शरीर बहुत दर्द कर रहा है, मुझे डर है कि वो लोग फिर से कहीं मुझ पर हमला ना कर दें, क्योंकि उन्होंने मुझे किसी को भी बताने से मना किया था। गोपाल मजूमदार का कहना है कि उनपर पहले भी इस तरह के हमले किए जा चुके हैं।
 
वहीं दूसरी तरफ इस घटना को लेकर टीएमसी की प्रतिक्रिया भी आई है। टीएमसी ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। पनिहाटी विधानसभा से विधायक निर्मल घोष ने कहा कि यह घटना पूरी तरह से पारिवारिक मामला है। इसका टीएमसी से कोई लेना-देना नहीं है। निर्मल घोष ने कहा कि बीजेपी झूठे आरोप लगाने में माहिर है। उन्होंने कहा कि पीड़ित का बीजेपी से कोई ज्यादा लेना-देना नहीं है।

 

Source : Agency

पाठको की राय